सागर। मध्य प्रदेश शासन, आयुक्त उच्च शिक्षा भोपाल के निर्देशानुसार 15 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत इनफिनिटी मेनेजमेंट एंड इंजिनियरिंग कालेज सागर एवं ओजस्विनी नर्सिंग कालेज सागर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वाधान में संस्था की चेयरपर्सन आदरणीया डॉ. सुधा मलैया जी के संरक्षण में नशा मुक्ति को लेकर शपथ एवं व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप इंस्पेक्टर अफ़रोज़ खान, इंस्पेक्टर हिमांशु भिंडिया एवं सूबेदार मनीष नवेरिया पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सागर उपस्थित रहे! हिमांशु भिंडिया इंस्पेक्टर ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू, शराब, ड्रग्स के सेवन से न केवल स्वास्थ्य खराब होता है बल्कि करियर और भविष्य भी बर्बाद होता है। मनीष नवेरिया सूबेदार, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सागर ने विद्यार्थियों को नशे से बचने और खेल, पढ़ाई व रचनात्मक कार्यों में समय लगाने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ मो अशफ़ाक सिद्दीकी ने कहा कि समाज में नशे के उन्मूलन एवं छात्र-छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर अफ़रोज़ खान इंस्पेक्टर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सागर ने कहा नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। युवा शक्ति ही राष्ट्र की रीढ़ है, इसलिए हमारा दायित्व है कि हम नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें। इस अवसर पर अफ़रोज़ खान इंस्पेक्टर द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में समस्त विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। शपथ में कहा गया कि हम संकल्प लेते हैं कि हम स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाएंगे।
अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी गैब्रिएला लिंकन ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, वक्ताओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ओजस्विनी नर्सिंग कालेज एवं राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयं सेविका आसफ़िया खान ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ओजस्विनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की को-चेयरपर्सन श्रीमती रति मलैया, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. डी. के. राजोरिया, वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. राम पाठक, प्राचार्या डॉ. अनु फौजदार, डॉ. नवदीप कौर सलूजा एवं दिनेश ठाकुर ने सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयं सेवकों की सराहना की एवं शुभकामनाएं दीं ।

